Thursday, September 19, 2024

Rajasthan Politics: गुरुवार को मंत्रियों और कांग्रेस विधायकों के आवास का घेराव करेगी बीजेपी, 1 अगस्त को जयपुर चलो अभियान

जयपुर: राजस्थान का विधानसभा सत्र 2 अगस्त के लिए स्थगित हो गया है। ऐसे में प्रदेश में महिलाओं के खिलाफ बढ़ रहे अत्याचार के मामलों को लेकर भारतीय जनता पार्टी के महिला मोर्चा की पदाधिकारियों ने कांग्रेस सरकार के खिलाफ हुंकार भरी। बुधवार 26 जुलाई को महिला मोर्चा की प्रदेशाध्यक्ष डॉ. रक्षा भंडारी के नेतृत्व में राजस्थान की उन सभी विधानसभा क्षेत्रों में कांग्रेसी नेताओं और मंत्रियों का घेराव किया गया जहां-जहां से कांग्रेस के विधायक जीते हुए हैं। जयपुर में मंत्रियों के सरकारी बंगलों पर दर्जनों महिलाओं ने विरोध प्रदर्शन किया। बीजेपी के ‘नहीं सहेगा राजस्थान’ अभियान के तहत यह प्रदर्शन किया गया।

थाली-चम्मच बजाकर किया प्रदर्शन

बीजेपी महिला मोर्चा की प्रदेशाध्यक्ष डॉ. रक्षा भंडारी के नेतृत्व में बुधवार सुबह जयपुर के बड़ी चौपड़ से इस विरोध प्रदर्शन अभियान की शुरुआत की गई। बाद में अस्पताल मार्ग स्थित कैबिनेट मंत्री शांति धारीवाल के सरकारी बंगले पर सैकड़ों महिलाएं एकत्रित हुई। महिलाओं ने थाली और चम्मच बजाकर सरकार को जगाने का प्रयास किया। धारीवाल के बंगले पर प्रदर्शन के बाद अन्य मंत्रियों के आवास पर भी बारी-बारी से विरोध प्रदर्शन किया गया।

महिलाएं कहीं भी सुरक्षित नहीं – रक्षा भंडारी

भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा की प्रदेशाध्यक्ष डॉ. रक्षा भंडारी ने बताया कि कांग्रेस की गहलोत सरकार में महिलाएं और बालिकाएं कहीं भी सुरक्षित नहीं है। स्कूल, कॉलेज, मंदिर और कार्यालयों में महिलाओं के साथ लगातार अत्याचार हो रहे हैं। प्रदेश में कानून व्यवस्था चौपट हो गई है और गृह मंत्री के तौर पर अशोक गहलोत पूरी तरह से फेल साबित हुए हैं। डॉ. भंडारी ने कहा कि प्रदेश में जंगलराज जैसे हालात बने हुए हैं।

1 अगस्त को जयपुर चलो अभियान

चुनावी साल में बीजेपी अलग अलग मुद्दों को लेकर कांग्रेस सरकार को घेरने की कोशिश कर रही है। जिस तरह से बुधवार को महिला मोर्चा द्वारा मंत्रियों और कांग्रेसी विधायकों के आवासों पर प्रदर्शन किया गया। उसी तर्ज पर गुरुवार 27 जुलाई को प्रदेश की सभी 200 विधानसभा क्षेत्रं में बाइक रैली निकाली जाएगी। यह आयोजन युवा मोर्चा के प्रदेशाध्यक्ष अंकित चेची के नेतृत्व में होगा। चेची ने बताया कि हम प्रदेश के युवाओं को जागरूक करने के लिए रैली निकाल रहे हैं। एक तरफ बेरोजगारी बढ रही है और दूसरी तरफ पेपर लीक की घटनाएं लगातार हो रही है। ऐसे में प्रदेश का युवा आक्रोशित है। इन्हीं मामलों को लेकर 1 अगस्त को राजधानी जयपुर में बड़ा प्रदर्शन होगा।

Ad Image
Latest news
Related news