Tuesday, September 24, 2024

Rajasthan Election 2023 : दौसा में “भारत जोड़ो स्थल” पर प्रियंका गांधी भरेगी हुंकार

जयपुर। राजस्थान के दौसा जिले में एक साल के अंदर दूसरी बार गांधी परिवार का आगमन होने जा रहा है। बता दें कि दिसम्बर 2022 में राहुल गांधी ‘भारत जोड़ो यात्रा’ में दौसा जिले में आए थे। उसके ठीक 10 महीने बाद प्रियंका गांधी दौसा जिले के दौरे पर आ रही है। अनुमान है कि प्रियंका कांग्रेस में उत्साह का संचार करने और ERCP के मुद्दे को लेकर जनसभा करेंगी। खास बात यह है कि प्रियंका की सभा उसी जगह हो रही है, जहां भारत जोड़ो यात्रा के दौरान कांग्रेस के तमाम दिग्गज नेता एवं राहुल गांधी का ठहराव हुआ था। बता दें कि जिस तरह भारत जोड़ो यात्रा में जनसमूह उमड़ा था, ठीक वैसी ही भीड़ जुटाने में कांग्रेस जुटी हुई है।

महिलाओं की भी अच्छी-खासी भागीदारी

भारत सरकार ने हाल में ही महिलाओं को तौफे के तौर पर 33 % आरक्षण दिया है। इसके बाद से ही राजनीतिक पार्टियों में सियासी सरगर्मी तेज हो गई है। कांग्रेस महिला आरक्षण को लेकर लगातार अपनी पार्टी की तरफ से की गई प्रयास को गिनने में जुटी हुई है। ऐसे में बता दें कि प्रियंका गांधी का कल (शुक्रवार) की सभा भी उस क्षेत्र में हो रहा है जहां से विधायक एक महिला है। महिला विधायक का नाम ममता भूपेश है। इसलिए बताया जा रहा है कि प्रियंका गांधी के जनसभा में महिलाओं की भागीदारी अच्छी-खासी देखने को मिलेगी। वहीं स्थानीय कांग्रेस कार्यकर्ता गांव में महिलाओं के साथ जनसम्पर्क कर भीड़ जुटाने में लगे हुए हैं।

सभा में कई नेता होंगे शामिल

प्रदेश के महिला एवं विकास मंत्री ममता भूपेश ने बताया है कि प्रियंका गांधी की इस जनसभा में कांग्रेस के तमाम दिग्गज नेता जैसे CM अशोक गहलोत, प्रदेश प्रभारी सुखजिंदर सिंह रंधावा, सचिन पायलट, प्रदेश अध्यक्ष गोविंदसिंह डोटासरा, सह प्रभारी अमृता धवन, भंवर जितेन्द्र सिंह, डॉ. सीपी जोशी समेत अन्य नेता भी मौजूद होंगे।

SC-ST और OBC को रिझाने का प्रयास

बता दें कि सिकराय विधानसभा क्षेत्र को SC-ST और OBC का बाहुल्य क्षेत्र माना जाता हैं। वहीं कांग्रेस का लगातार फोकस इन वर्गों पर हो रहा है। इसलिए बताया जा रहा है कि प्रियंका की सभा का क्षेत्र भी ग्रामीण इलाके में रखा गया है। कुछ दिन पहले बारां जिले में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे आए थे। उस दौरान उन्होंने पिछड़ी जाति की जनगणना कराने की बात भी कही थी।

ERCP पर भाजपा को घरेंगे

प्रियंका के इस जनसभा में 9 जिलों से नेता-कार्यकर्ता आएंगे जो ERCP के मुद्दों को लेकर भाजपा को घरेंगे। प्रियंका गांधी की सभा नेशनल हाइवे 21 पर दौसा से सिकंदरा के बीच कांदोली में होगी। बता दें कि प्रियंका की सभा में अहम रूप से दौसा, अलवर, जयपुर शहर व ग्रामीण, करौली, सवाईमाधोपुर, धौलपुर, भरतपुर, टोंक आदि जिलों से तमाम नेता व कार्यकर्ता आएंगे। अनुमान है कि एक लाख से अधिक भीड़ सभा में जुटेगी।

तीन चुनाव हार चुकी भाजपा

आपको बता दें कि सिकराय विधानसभा सीट से बीजेपी लगातार तीन बार से हार रही है। ऐसे में सिकराय को कांग्रेस का मजबूत गढ़ बताया जाता है। अब तक राज्य में 14 चुनाव हुआ है जिसमे 8 बार कांग्रेस ने इस विधानसभा को अपने नाम दर्ज की है। वहीं बीजेपी को मात्र 3 बार यहां से सफलता मिली।

Ad Image
Latest news
Related news