Monday, September 16, 2024

Rajasthan Election: राजस्थान में गरजे पीएम मोदी, गठबंधन सरकार पर जमकर निशाना साधा

जयपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज सोमवार को राजस्थान के पाली में जनसभा को संबोधित किया। पीएम मोदी ने कांग्रेस और उसके सहयोगियों पर जमकर प्रहार किया। इस जनसभा के दौरान पीएम मोदी ने कहा, कांग्रेस और उसके घमंडियां गठबंधन ने सनातन के लिए क्या-क्या नहीं कहा। यही नहीं कांग्रेस और उनके साथी, सनातन को खत्म करने का ऐलान कर रहे हैं। ऐसे में सनातन को खत्म करने का मतलब राजस्थान की संस्कृति को खत्म करना है। क्या आप कांग्रेस के इन कारनामों को चलने देंगे? क्या आप घमंडिया गठबंधन की इस करतूत को स्वीकार करेंगे?

पीएम मोदी ने बिहार सीएम पर निशाना साधा

जनसभा को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर भी हमला बोला। पीएम मोदी ने कहा कि ऐसी पावन धरती पर कांग्रेस के संरक्षण में दलितों को निशाना बनाया जा रहा है। बिहार में घमंडिया गठबंधन के एक नेता, जो वहां के मुख्यमंत्री हैं ने दलित समाज के पूर्व मुख्यमंत्री के लिए ऐसी अभद्र भाषा बोली है, जिसे कोई सामान्य नागरिक भी आम बोलचाल में नहीं प्रयोग करता लेकिन वह ( नीतीश कुमार) ऐसी भाषा सदन में बोल रहे हैं। उन्होंने दलितों का अपमान किया है, लेकिन कांग्रेस ने इसकी निंदा तक नहीं की।

पीएम ने कांग्रेस को घेरा

इस दौरान पीएम मोदी ने आगे कहा कि दलितों के खिलाफ अत्याचार करने वालों को देखकर कांग्रेस पट्टी बांध लेती है। ऐसा ही राजस्थान में भी हुआ है। यहां जब से महिलाओं को आरक्षण देने वाला कानून पारित हुआ है, तब से इन्होंने महिलाओं के खिलाफ अभद्र अभियान छेड़ दिया है। इन लोगों ने कैसी-कैसी आपत्तिजनक टिप्पणियां हमारी माताओं और बहनों के लिए किया है। पीएम मोदी ने नीतीश कुमार को भी घेरते हुए कहा कि बिहार के सीएम ने तो विधानसभा में हमारी माताओं के लिए घोर आपत्तिजनक भाषा का उपयोग किया, लेकन यहां भी कांग्रेस चुप रही। यही कांग्रेस का असली चेहरा है।

महिलाओं की सुरक्षा नहीं – पीएम मोदी

यही नहीं पीएम मोदी ने महिलाओं के मुद्दे को उठाते हुए कहा कि महिला विरोधी कांग्रेस कभी महिलाओं का कल्याण नहीं कर सकती। उन्होंने कहा कि कांग्रेस कभी महिलाओं की सुरक्षा नहीं कर सकती। कांग्रेस ने राजस्थान को महिलाओं के खिलाफ अपराध में नंबर-1 बना दिया है। यहां की महिलाओं ने पुलिस थाने में जाकर जो शिकायत दर्ज कराई है, जिसे यहां के सीएम फर्जी बताते हैं। पीएम मोदी ने सीएम गहलोत पर हमला बोलते हुए कहा कि यहां के सीएम महिलाओं को सर्टिफिकेट दे रहे हैं कि वे गलत मामले दर्ज करा रहीं हैं, क्या यह महिलाओं का अपमान नहीं है? महिलाओं का अपमान करने वाली सरकार राजस्थान से जानी चाहिए या नहीं जानी चाहिए?

कांग्रेस में है परिवारवाद

इतना ही नहीं पीएम मोदी ने आगे कहा कि आज हम एक विकसित राष्ट्र बनने के लिए कड़ी मेहनत कर रहे हैं। इसके लिए राजस्थान में विकास को प्राथमिकता देने वाली सरकार की जरूरत है। जबकि कांग्रेस के लिए भ्रष्टाचार और परिवारवाद की राजनीति से ज्यादा महत्व कुछ नहीं रखता है। उन्होंने कहा कि यह पार्टी तुष्टिकरण की राजनीति के अलावा कुछ नहीं सोचती। कांग्रेस अपने परिवार के अलावा कुछ और नहीं सोचती है।

Ad Image
Latest news
Related news