Saturday, September 28, 2024

सचिन पायलट के फोन टैपिंग पर जानिए क्या बोलीं प्रियंका चतुर्वेदी

जयपुर। राजस्थान में हुए विधानसभा चुनाव में कांग्रेस को करारी हार मिली है। पार्टी महज 69 सीटों पर सिमट कर रह गई है। वहीं हार के बाद निवर्तमान मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के OSD लोकेश शर्मा ने बड़ा खुलासा किया है। उन्होंने राजस्थान में हार के लिए अशोक गहलोत को जिम्मेदार ठहराया है। साथ ही बड़ा आरोप लगाते हुए कहा है कि गहलोत ने सचिन पायलट के फ़ोन टैप कराये थे। इस मामले में शिवसेना (यूबीटी) सांसद प्रियंका चतुर्वेदी ने अपनी प्रतिक्रिया दी है।

सारी कमियां हार के बाद ही नजर आ रही

शिवसेना (यूबीटी) सांसद प्रियंका चतुर्वेदी ने कहा कि लोकेश शर्मा 5 साल तक अशोक गहलोत के साथ थे। उन्होंने सभी बैठकों और कार्यक्रमों में हिस्सा लिया। अब उन्हें सारी कमियां हार के बाद ही नजर आ रही है। क्या वह पहले नहीं बोल सकते थे? इससे पता चलता है कि वह शुभचिंतक नहीं हैं। प्रियंका चतुर्वेदी ने आगे कहा कि कुछ मुद्दे हैं जिन पर कांग्रेस पार्टी के भीतर चर्चा की जरूरत है। पार्टी को आत्ममंथन करना चाहिए कि दोनों वरिष्ठ नेताओं में पहले भी विवाद थे।

सचिन पायलट पर थी नजर

अशोक गहलोत के ओएसडी लोकेश शर्मा ने कहा कि राजस्थान में राजनीतिक संकट के दौरान, जब सचिन पायलट 18 विधायकों के साथ मानेसर गए थे तो राज्य सरकार सचिन पायलट पर नज़र रख रही थी। सचिन पायलट कहां जा रहे थे, किससे मिल रहे थे, सब पर नजर रखी जा रही थी। पायलट फोन पर किससे बात कर रहे सरकार को सब पता था। ये सब इसलिए किया जा रहा था कि कुछ लोगों को वापस लाया जा सके।

Ad Image
Latest news
Related news