Saturday, September 28, 2024

गोगामेड़ी हत्याकांड: FIR में अशोक गहलोत का नाम, किसके इशारे पर दर्ज हुआ मामला

जयपुर। राष्ट्रीय राजपूत करणी सेना के अध्यक्ष सुखदेव सिंह गोगामेड़ी की हत्या के बाद से पूरे राजस्थान में बवाल मचा हुआ है। दिनदहाड़े गोगामेड़ी की हत्या से पूरे प्रदेश में उबाल देखने को मिल रहा है। इसे लेकर सियासत भी तेज हो गई है। इसी बीच सुखदेव की पत्नी ने FIR में अशोक गहलोत का नाम दर्ज कराया है।शिकायत में कहा गया है कि प्रशासन की लापरवाही से ये सब हुआ है। धमकी मिलने के बाद भी सुरक्षा मुहैया नहीं कराई गई। हालांकि ये भी सवाल उठने लगे है कि आखिर किसके इशारे पर FIR में गहलोत का नाम दर्ज कराया गया है।

FIR में अशोक गहलोत का नाम

बता दें कि बुधवार शाम तक गोगामेड़ी के परिजन पुलिस प्रशासन के ऊपर लापरवाही बरतने का आरोप लगा रहे थे लेकिन अब उन्होंने पूरा दोष गहलोत सरकार पर डाल दिया है। वहीं हत्याकांड होते ही राजपूत समाज से जुड़े संगठन सोशल मीडिया पर भाजपा को निशाने पर ले रहे थे। इधर, बीजेपी के नेताओं ने भी इसे लेकर गहलोत सरकार को जिम्मेदार ठहराया है। दीया कुमारी और राजेंद्र सिंह राठौड़ ने इस हत्याकांड को लेकर कांग्रेस को निशाने पर लिया है।

जानिए मामला

बता दें कि मंगलवार को दिनदहाड़े तीन बदमाशों ने राष्ट्रीय राजपूत करणी सेना के अध्यक्ष सुखदेव सिंह गोगामेड़ी को गोलियों से छलनी कर दिया और फरार हो गए। सुखदेव सिंह को मेट्रो मास हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इस घटना के वक़्त मौजूद गार्ड अजीत सिंह को भी गोली लगी है। अजीत सिंह गंभीर रूप से घायल हैं और उनका जयपुर के एक अस्पताल में उपचार चल रहा है। वहीं इस गोलीबारी कांड में एक हमलावर की भी मौत हो गई है। इस घटना की जिम्मेदारी गैंगस्टर रोहित गोदारा ने ली है।

Ad Image
Latest news
Related news