Thursday, September 19, 2024

Sukhdev Singh Gogamedi: गजेंद्र सिंह शेखावत ने सुखदेव सिंह की हत्या के लिए कांग्रेस को ठहराया जिम्मेदार

जयपुर। राजधानी जयपुर में राजपूत करणी सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुखदेव सिंह गोगामेड़ी की गोली मारकर हत्या कर दी गई है। गोगामेड़ी पर फायरिंग के बाद उन्हें मानसरोवर स्थित मेट्रो मास अस्पताल में भर्ती कराया गया था जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। घटना को जयपुर के श्याम नगर थाने इलाके में अंजाम दिया गया है। इसी बीच केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने इस हत्या के लिए कांग्रेस को जिम्मेदार ठहराया है।

कांग्रेस सरकार में पनपी गैंगवॉर

गजेंद्र सिंह शेखावत ने इस घटना पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि पिछली सरकार के समय में जिस तरह से गैंगवॉर पनपी और राजस्थान को अराजकता की अग्नि में धकेला गया, यह उसका ही दुष्परिणाम है। करणी सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष को जो धमकियां मिली थी उसे लेकर उन्होंने पुलिस में शिकायत की थी, लेकिन उन्हें जिस स्तर पर सुरक्षा मिलनी चाहिए थी, वह नहीं मिली। जिन लोगों ने यह किया है उन्हें तुरंत गिरफ्तार कर सज़ा मिलनी चाहिए। हम सरकार बनने के बाद यह सुनिश्चित करेंगे कि राजस्थान में शांति हो और सभी गैंगस्टर्स को सज़ा मिले।

एक हमलवार की मौत

घटना को लेकर पुलिस आयुक्त बीजू जॉर्ज जोसेफ ने कहा कि न लोग यहां आए थे और उन्होंने सुखदेव सिंह से मिलने के लिए कहा। अनुमति मिलने के बाद वे अंदर गए। उनसे करीब 10 मिनट तक बातचीत की और फिर सुखदेव सिंह पर फायरिंग कर दी। सुखदेव सिंह की मौके पर ही मृत्यु हो गई। घटना में उनका एक सुरक्षा गार्ड भी घायल हो गया, जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। एक हमलावर की भी मृत्यु हुई है। पूरी घटना सीसीटीवी में कैद हो गई है।

Ad Image
Latest news
Related news