Sunday, September 8, 2024

PM Modi In Rajasthan: राजस्थान की रैली में पीएम मोदी ने कांग्रेस पर बोला हमला, कहा- जो लोग चुनाव नहीं जीत सकते…

जयपुर। लोकसभा चुनाव 2024 को लेकर पहले चरण का मतदान पूरा हो चुका है। अब दूसरे चरण के लिए प्रचार अभियान जारी है। ऐसे में बीजेपी के स्टार प्रचारक पीएम नरेंद्र मोदी रविवार (21 अप्रैल) को राजस्थान (PM Modi In Rajasthan) के जालौर पहुंचे। पीएम मोदी ने यहां जनसभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस नेता सोनिया गांधी और मनमोहन सिंह पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि जो लोग चुनाव नहीं जीत सकते उन्हें राज्यसभा के जरिए जिता कर बचाया जा रहा है।

INDI गठबंधन और कांग्रेस पर पीएम का हमला

वहीं ‘इंडिया’ गठबंधन और कांग्रेस पर हमला (PM Modi In Rajasthan) बोलते हुए पीएम ने कहा, आपने उदारतापूर्वक पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह को राजस्थान से राज्यसभा में भेजा, वे काफी समय तक बीमार रहे, लेकिन क्या आपने उन्हें राजस्थान में फिर से देखा? जो लोग चुनाव नहीं लड़ सकते, चुनाव नहीं जीत सकते। पीएम मोदी ने कांग्रेस पर हमलावर होते हुए कहा, कांग्रेस राज के समय सरकार रिमोट कंट्रोल से चलती थी।

पीएम मोदी ने कहा, आज देश का युवा कांग्रेस का मुंह नहीं देखना चाहता। आज कांग्रेस की जो हालत है उसकी गुनहगार वह खुद है। जिस पार्टी ने 60 साल राज किया, कभी 400 सीट जीतीं थी वो पार्टी आज 300 सीट पर चुनाव नहीं लड़ पा रही है। आज कांग्रेस को उम्मीदवार भी नहीं मिल पा रहे हैं। INDI गठबंधन की पतंग उड़ने से पहले ही कट गई है। गठबंधन वाले आपस में लड़ रहे हैं।

तीसरी बार सरकार बनी तो देंगे 3 करोड़ घर- पीएम

पीएम नरेंद्र मोदी ने कहा, आज विपक्षी गठबंधन के दल देश में 25 फीसदी सीटों पर एक दूसरे के खिलाफ लड़ रहे हैं। अगर चुनाव से पहले ये हालत हैं, तो चुनाव के बाद क्या होगा। जनसभा को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा, जिन लोगों को घर नहीं मिले उनको तीसरी बार सरकार बनते ही हम उन्हें घर देंगे। हम अगली सरकार में 3 करोड़ घर बनाएंगे, यह मोदी की गारंटी है।

पीएम मोदी ने आगे कहा, राष्ट्रभक्ति से ओतप्रोत राजस्थान यह जानता है कि कांग्रेस कभी भी मजबूत भारत नहीं बना सकती। आज कांग्रेस पार्टी की जो हालत हुई है उसकी जिम्मेदार वह खुद है। कांग्रेस ने परिवारवाद व भ्रष्टाचार का दीमक फैलाकर देश को खोखला कर दिया और उसके इन्हीं पापों की सजा आज देश कांग्रेस को दे रहा है। राजस्थान में 5 साल तक जो कांग्रेस की सरकार थी उसने पानी की योजना में भी घोटाला किया। हम हर घर पानी पहुंचाने का काम कर रहे हैं। कांग्रेस की कभी नियत नहीं रही की यहां के किसानों को और यहां के लोगों को पानी मिले।

Ad Image
Latest news
Related news