जयपुर। नेशनल हेराल्ड मामले में ईडी की कार्रवाई के खिलाफ कांग्रेस पार्टी ने आज राजस्थान की राजधानी जयपुर में जोरदार प्रदर्शन करने का ऐलान किया है। कांग्रेस कार्यकर्ता दोपहर 12 बजे जयपुर स्थित ईडी दफ्तर के बाहर एकजुट होकर प्रदर्शन करेंगे। राज्य के प्रत्येक जिले में केंद्र सरकार के दफ्तर के सामने भी विरोध जताएंगे। […]
जयपुर। नेशनल हेराल्ड मामले में ईडी की कार्रवाई के खिलाफ कांग्रेस पार्टी ने आज राजस्थान की राजधानी जयपुर में जोरदार प्रदर्शन करने का ऐलान किया है। कांग्रेस कार्यकर्ता दोपहर 12 बजे जयपुर स्थित ईडी दफ्तर के बाहर एकजुट होकर प्रदर्शन करेंगे। राज्य के प्रत्येक जिले में केंद्र सरकार के दफ्तर के सामने भी विरोध जताएंगे।
पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने ईडी की इस कार्रवाई को लोकतंत्र पर हमला करार देते हुए तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा है कि यह महज कानूनी प्रक्रिया नहीं बल्कि राज्य प्रायोजित दमन है। नेशनल हेराल्ड की संपत्ति जब्त करना और आरोप पत्र दाखिल करना सत्ता का गलत इस्तेमाल करना जैसे गंभीर उदाहरण हैं। कांग्रेस ने अपने आधिकारिक बयान में इस कार्रवाई को बदले की राजनीति बताया है। साथ ही कहा है कि पार्टी इसे किसी भी रूप में स्वीकार नहीं करेगी।
बयान में कहा गया कि हम भारत की आत्मा के लिए पहले भी लड़ाई कर चुके हैं। आगे भी करते रहेंगे। हमारे लिए सत्य, न्याय और संवैधानिक लोकतंत्र के मूल्य सर्वोपरि हैं। सत्यमेव जयते केवल एक नारा नहीं बल्कि हमारा अटूट विश्वास है। पार्टी को उम्मीद है कि लोकतंत्र में विश्वास रखने वाले सभी नागरिक इस संघर्ष में नैतिक समर्थन देंगे। साथ ही एकजुट होकर संविधान और संस्थाओं की गरिमा की रक्षा करेंगे।
नेशनल हेराल्ड मामले को लेकर राजनीतिक गलियारों में हलचल तेज हो गई है। कांग्रेस इसे केंद्र सरकार की दमनकारी नीति बता रही है। वहीं सत्ता पक्ष इसे कानूनी कार्रवाई करार दे रहा है। ऐसे में आज के प्रदर्शनों पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं।