जयपुर। राजस्थान में हुए विधानसभा चुनाव में कांग्रेस को करारी हार मिली है। पार्टी महज 69 सीटों पर सिमट कर रह गई है। वहीं हार के बाद निवर्तमान मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के OSD लोकेश शर्मा ने बड़ा खुलासा किया है। उन्होंने राजस्थान में हार के लिए अशोक गहलोत को जिम्मेदार ठहराया है। साथ ही बड़ा […]
जयपुर। राजस्थान में हुए विधानसभा चुनाव में कांग्रेस को करारी हार मिली है। पार्टी महज 69 सीटों पर सिमट कर रह गई है। वहीं हार के बाद निवर्तमान मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के OSD लोकेश शर्मा ने बड़ा खुलासा किया है। उन्होंने राजस्थान में हार के लिए अशोक गहलोत को जिम्मेदार ठहराया है। साथ ही बड़ा आरोप लगाते हुए कहा है कि गहलोत ने सचिन पायलट के फ़ोन टैप कराये थे।
अशोक गहलोत के ओएसडी लोकेश शर्मा ने कहा कि राजस्थान में राजनीतिक संकट के दौरान, जब सचिन पायलट 18 विधायकों के साथ मानेसर गए थे तो राज्य सरकार सचिन पायलट पर नज़र रख रही थी। सचिन पायलट कहां जा रहे थे, किससे मिल रहे थे, सब पर नजर रखी जा रही थी। पायलट फोन पर किससे बात कर रहे सरकार को सब पता था। ये सब इसलिए किया जा रहा था कि कुछ लोगों को वापस लाया जा सके।
इससे पहले लोकेश शर्मा ने एक्स पर लंबा पोस्ट लिखते हुए कहा था कि कांग्रेस राजस्थान में रिवाज बदल सकती थी लेकिन अशोक गहलोत बदलाव नहीं चाहते थे। न उनका अनुभव चला, न जादू और हर बार की तरह कांग्रेस को उनकी योजनाओं के सहारे जीत नहीं मिली और न ही अथाह पिंक प्रचार काम आया। तीसरी बार लगातार सीएम रहते हुए गहलोत ने पार्टी को फिर हाशिये पर लाकर खड़ा कर दिया। अशोक गहलोत आत्ममुग्धता में लगातार गलत निर्णय ले रहे थे। ये सब होना तय था।